देहरादून

गौ, गंगा, गांव और गायत्री के संरक्षण की अनूठी पहल : मिशन 4G ने मनाया सेवा पखवाड़ा।

देहरादून। सोसाइटी ऑफ मिशन 4G (गौ, गंगा, गांव और गायत्री) पिछले 10 वर्षों से सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक, धार्मिक और जन-जागरूकता अभियानों के साथ योग से जुड़े विविध आयोजनों का संचालन करती आ रही है। संस्था ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाते हुए गायत्री परिवार के सहयोग से पूजन, हवन और गौ सेवा का आयोजन किया।

संस्था के अध्यक्ष सुभाष भट्ट ने बताया कि जो भी नया सदस्य संस्था से जुड़ेगा, उसे स्वागत स्वरूप गंगाजल, भागवत गीता, मोटा अनाज से बने उत्पाद और एक गुल्लक भेंट किए जाएंगे। गुल्लक में सदस्य सेवा भाव से धन संचय करेंगे और उसे गौ सेवा या धार्मिक कार्यों में लगाया जाएगा।

इसके अतिरिक्त संस्था ने यह भी निर्णय लिया है कि एक माह में जिन भी सदस्यों का जन्मदिवस होगा, उन्हें सामूहिक रूप से मनाते हुए गौ सेवा और सामूहिक पूजन किया जाएगा। संस्था का उद्देश्य समाज को सनातन परंपराओं से जोड़ना और संस्कृति का संरक्षण करना है।

संस्था के सदस्य अनुज पुरोहित ने कहा कि यह पहल न केवल संस्कृति और परंपराओं को मजबूत करेगी, बल्कि स्थानीय उत्पादों व मोटे अनाज को भी मंच प्रदान कर रोजगार सृजन में मदद करेगी।

कार्यक्रम में शुभवंती उपाध्याय, ज्योतिका पांडे, संजय ठाकुर, नीतू कंडारी, मधु रावत, सविता भट्ट, प्रभा, मीनाक्षी, अर्चना सती सहित गायत्री परिवार के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles