देहरादूनराजनीति

देहरादून नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर सौरभ थपलियाल ने ली शपथ, मुख्यमंत्री धामी रहे मौजूद

देहरादून, 07 फरवरी –  देहरादून नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर सौरभ थपलियाल एवं सभी पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को नगर निगम प्रांगण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने सौरभ थपलियाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जबकि महापौर ने सभी निर्वाचित पार्षदों को शपथ ग्रहण करवाई।

शपथ ग्रहण के पश्चात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर निगम प्रांगण में पौधारोपण कर स्वच्छ एवं सुंदर देहरादून का संदेश दिया। उन्होंने नगर निगम की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर निगम को देहरादून को स्मार्ट और स्वच्छ शहर बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, गणेश जोशी, विधायक खजान दास, सविता कपूर, विनोद चमोली, बृजभूषण गैरोला, दुर्गेश्वर लाल, विनय रोहेला, विश्वास डाबर सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। नगर निगम आयुक्त नमामि बंसल सहित प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम की जिम्मेदारी संभालने के बाद जनता को स्वच्छ, सुंदर और विकसित देहरादून का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की नई टीम देहरादून की सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर प्राथमिकता से कार्य करेगी।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम परिसर में भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नगर निगम के कर्मचारियों और आम जनताने भी भाग लिया।

 

Related Articles