रूद्रप्रयाग

डॉ0 डी0आर0 पुरोहित को मिलेगा राष्ट्रीय संगीत अकादमी पुरस्कार: क्षेत्र में खुशी की लहर

राष्ट्रीय संगीत अकादमी द्वारा वर्ष 2021 हेतु संगीत एवं नाटक कला के क्षेत्र में दिया जाएगा पुरस्कार

रुद्रप्रयाग:  प्रोफेसर दाताराम पुरोहित कला और संस्कृति के क्षेत्र में देश के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार राष्ट्रीय संगीत नाटक अकादमी अवार्ड 2021 से नवाजे जाएंगे। संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रसिद्ध कलाकारों, संगीतज्ञों, थिएटर कलाकारों को राष्ट्रीय संगीत अकादमी द्वारा प्रदान किया जाता है। पुरस्कारों का निर्णय अकादमी महापरिषद लेती है। यह सम्मान न केवल उत्कृष्टता और उपलब्धियों के सर्वोच्च मानक का प्रतीक है बल्कि क्षेत्र विशेष में व्यक्तिगत योगदान और समर्पण के साथ निरंतर कार्य करने को भी महत्व प्रदान करता है। पहाड़ी लोक संस्कृति के ध्वजवाहक प्रो0 पुरोहित के उक्त सम्मान के लिए चयनित होने पर उत्तराखंड समेत उनके गांव में खुशी की लहर है। प्रोफेसर पुरोहित ने उत्तराखंड की लोक कला एवं संस्कृति को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।उत्तराखंड की इष्ट देवी मां नंदा की राज यात्रा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में प्रोफेसर पुरोहित ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके अतिरिक्त विलुप्त हो रही ढोल विधा, चक्रव्यूह मंचन, उत्तराखंडी लोक नाट्य लोकगीतों आदि पौराणिक परंपराओं को जीवंत रखने में इनका सराहनीय योगदान रहा है।

जोशीमठ क्षेत्र के सलूड की रम्माण को विश्व धरोहर घोषित करने में प्रोफेसर पुरोहित ने अग्रणी भूमिका निभाई है। गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व अंग्रेजी व्याख्याता रहे डॉ पुरोहित ने उत्तराखंडी कला संस्कृति, पौराणिक परंपराओं, लोकनाट्यों, लोकगीतों, ढोल सागर, मुखौटा नृत्य, विलुप्त हो चुकी अनेक परंपराओं की ओर न केवल विमुख हो रहे उत्तराखंड की नई पीढ़ी का ध्यान आकृष्ट किया बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्तराखंडी संस्कृति को पहुंचाने हेतु भागीरथ प्रयास किए हैं। डॉक्टर डीआर पुरोहित को यह पुरस्कार लोक संगीत एवं नाटक के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हेतु दिया जाएगा। इस पुरस्कार के तहत एक ताम पत्र, अंगवस्त्र एवं एक लाख रूपए की नगद धनराशि नई दिल्ली में प्रदान की जाएगी।

गौरतलब है कि हाल ही में उत्तराखंड मुंबई स्थित गढ़वाल भातृ मंडल द्वारा भी प्रोफेसर पुरोहित को “गढ़ रत्न पुरस्कार” से सम्मानित किया गया था। प्रोफेसर पुरोहित की इस उपलब्धि पर उनके गांव क्वीली जनपद रुद्रप्रयाग के पूर्व प्रधानाध्यापक 95 वर्षीय वयोवृद्ध श्री पूर्णानंद पुरोहित जी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि दाताराम को यह सम्मान मिलना न सिर्फ उनका सम्मान है बल्कि अपने संस्कृति और अपनी परंपराओं को जीवित रखने हेतु हर स्तर पर प्रयास कर रहे हैं हर उत्तराखंडी का सम्मान है। उन्होंने कहा कि जब भी इनको सम्मान मिलता है मुझे अपार हर्ष का अनुभव होता है और मन करता है कि इनके द्वारा हासिल की जाने वाली हर उपलब्धि का साक्षी बनता रहूं। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में दाताराम के द्वारा मिलने वाली यह खुशी एक टॉनिक के समान है।

वहीं दूसरी ओर प्रोफेसर पुरोहित के संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित होने पर उनके ग्राम क्वीली के पूर्व प्रधानाचार्य श्री जगदीश प्रसाद पुरोहित शिक्षक श्री शशि प्रसाद पुरोहित, श्री भुवनेश्वर पुरोहित, श्री पवन पुरोहित, श्री पंकज पुरोहित, डॉ0 सुभाष चंद्र पुरोहित, पूर्व प्रधानाचार्य श्री चंद्रशेखर पुरोहित, पूर्व प्रधान श्री अरविंद पुरोहित, पूर्व प्रधान क्वीली श्री भगवती भिलंगवाल सहित पूर्व केदारनाथ विधायक श्री मनोज रावत, चमोली जिले के वरिष्ठ पत्रकार श्री क्रांति भट्ट, विधायक रुद्रप्रयाग श्री भरत सिंह चौधरी, विधायक केदारनाथ श्रीमती शैला रानी रावत, प्रधान संगठन जनपद रुद्रप्रयाग के पूर्व अध्यक्ष श्री विक्रम सिंह नेगी सहित जनपद रुद्रप्रयाग के तमाम समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त किया है।

UK NEWS 18 परिवार की ओर से भी डॉ0 डी0आर0 पुरोहित जी को इस प्रतिष्ठित सम्मान हेतु ढेर सारी बधाई ।। 

Related Articles