रूद्रप्रयाग

विधायक शैला रानी रावत का शरीर पंचतत्व में हुआ विलीन।

नम आंखों के साथ हजारों की संख्या में क्षेत्रवासियों ने दी अंतिम विदाई।

अगस्त्यमुनि (संवाद सहयोगी) केदारनाथ से वर्तमान विधायक श्रीमती शैला रानी रावत का पार्थिव शरीर ”जब तक सूरज चांद रहेगा, शैला तेरा नाम रहेगा”  ”शैलारानी रावत अमर रहे” के नारों के साथ पंचतत्व में विलीन हो गया। चिता को उनकी पुत्री ऐश्वर्या रावत और शैलेंद्र रावत  ने मुखाग्नि दी। इससे पूर्व आज सुबह विधायक शैला रानी के पार्थिव शरीर को अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान में आम क्षेत्रवासियों के अंतिम दर्शनार्थ रखा गया। आम जनमानस ने अगस्त्यमुनि पहुंचकर केदारनाथ की सशक्त आवाज, जन सरोकारों से जुड़े मुद्दों को हमेशा हर स्तर पर दबंगता के साथ उठाने वाली अपनी स्वर्गीय विधायक के पार्थिव शरीर को नम आंखों के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।

पूर्व कार्यक्रम के अनुसार विधायक श्रीमती रावत का पार्थिव शरीर क्षेत्र वासियों, कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देने हेतु अगस्त्य क्रीड़ा मैदान में रखा गया।

संवेदना प्रकट करते कैबिनेट मंत्री सौरव बहुगुणा

जहां पहुंचकर उत्तराखंड की तमाम राजनीतिक हस्तियां ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री और जिला रुद्रप्रयाग के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक केदारनाथ श्रीमती आशा नौटियाल, पूर्व विधायक केदारनाथ मनोज रावत, दर्जा धारी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री चंडी प्रसाद भट्ट, आदि ने विधायक को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके उपरांत अंतिम यात्रा अगस्त्य क्रीड़ा मैदान से उनकी अंतिम इच्छा अनुसार दाह संस्कार हेतु विद्यापीठ, गुप्तकाशी के निकट त्रिवेणी घाट लाया गया। जहां पर हजारों की संख्या में उपस्थित क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय अधिकारियों सहित परिजनों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी।

मीडिया से बातचीत में जिला प्रभारी मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि हमने एक दमदार, लोकप्रिय और सशक्त केदारनाथ विधानसभा की आवाज को खो दिया है। जिसकी भरपाई होना नामुमकिन है। उन्होंने कहा कि शैला रानी हमेशा अपनी जनता के कार्यों के लिए अपने शीर्ष नेतृत्व के सम्मुख दबंगता के साथ आवाज उठाती थी। अपने क्षेत्र वासियों के कार्यों के प्रति उनका समर्पण कई बार उन्हें अपने ही सरकार और अधिकारियों से भिड़ने हेतु मजबूर कर देता था। उन्होंने मृत आत्मा की शांति के लिए प्रभु से प्रार्थना की एवं परिवार को इस असहनीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना ईश्वर से की।।

 

गौरतलब है कि श्रीमती शैला रानी रावत पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थी उनका इलाज देहरादून के मैक्स अस्पताल में किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ की सीढ़िया से गिरने के बाद उनकी रीड की हड्डी में फ्रैक्चर आ गया था जिसकी सर्जरी नई दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में करवाई गई थी लेकिन उसके बाद निरंतर वह दर्द से परेशान रहने लगी थी। लगभग कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने और इलाज करवाने के बाद उन्होंने मैक्स अस्पताल में मंगलवार रात लगभग 10:30 बजे अंतिम सांस ली।

सलामी देते पुलिस के जवान

विद्यापीठ के निकट त्रिवेणी घाट पर पुलिस बल रुद्रप्रयाग द्वारा उन्हें सलामी दी गई और फिर हजारों की संख्या में क्षेत्र वासियों, जनप्रतिनिधियों एवं परिजनों की मौजूदगी में नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस तरह केदारनाथ विधानसभा के लिए लड़ने वाली एक आवाज हमेशा हमेशा के लिए शान्त हो गयी।

अंतिम यात्रा के अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरव बहुगुणा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, प्रताप नगर के विधायक श्री विक्रम नेगी, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल, पूर्व विधायक केदारनाथ श्री मनोज रावत, भारतीय जनता पार्टी जनपद रुद्रप्रयाग के अध्यक्ष महावीर सिंह पंवार, कांग्रेस कमेटी जनपद रुद्रप्रयाग के अध्यक्ष कुंवर सजवान, कांग्रेस पार्टी के चमोली जिला अध्यक्ष मुकेश नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग चंडी प्रसाद भट्ट, जखोली ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप थपलियाल, कर्नल अजय कोठियाल, विक्रम सिंह नेगी, जयवर्धन कांडपाल, अनूप सेमवाल के साथ-साथ जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग के समस्त अधिकारीगण, भाजपा जनपद रुद्रप्रयाग कार्यकारिणी, कांग्रेस जिला कार्यकारिणी, एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी।

UK NEWS18 परिवार की ओर से दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि।।

Related Articles