प्रख्यात गढ़वाली कवि ओमप्रकाश सेमवाल ‘उत्तराखण्ड कविकुलतिलक शिरोमणि सम्मान 2025’ से सम्मानित

ऊखीमठ। जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी प्रसिद्ध फ्रांसीसी लेखक, साहित्यकार एवं मनोचिकित्सक डॉ. जैक्स वीन के जन्मदिवस पर चार दिवसीय “खेल एवं प्रतिभा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन का शुभारंभ मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल, कार्यक्रम अध्यक्ष व पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री वाचस्पति सेमवाल तथा अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर वर्ष 2024-25 में विभिन्न शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। ब्लॉक, जिला व राज्य स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले विद्यार्थियों को भी मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
कार्यक्रम की सबसे विशेष उपलब्धि रही प्रसिद्ध गढ़वाली कवि ओमप्रकाश सेमवाल को गढ़वाली भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं साहित्य में अतुलनीय योगदान के लिए “उत्तराखण्ड कविकुलतिलक शिरोमणि सम्मान 2025” से सम्मानित किया जाना। उन्हें संस्था की ओर से शॉल, स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने हेतु मदन अग्रवाल व शतरंज खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु शौर्य नेगी को भी सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि आशा नौटियाल ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। वहीं कार्यक्रम अध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल ने डॉ. जैक्स वीन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को सराहा और कहा कि एक विदेशी होकर भी वे भारतीय संस्कृति के सच्चे हितैषी हैं।
संस्था के चेयरपर्सन मनोज बेंजवाल ने डॉ. वीन के जीवन और उनके प्रेरणादायक कार्यों पर प्रकाश डाला। विद्यालय के संस्थापक व प्रधानाचार्य लखपत सिंह राणा ने बताया कि कैसे डॉ. वीन ने भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर केदारघाटी में शिक्षा की अलख जगाने में योगदान दिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्मवाण, कैलाश पुष्पवाण, सभासद गौरव रावत, पूनम बिष्ट सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक व सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।