देहरादून

4G प्लस संस्था द्वारा भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन, वरिष्ठ साहित्यकारों और कवियों ने बिखेरा काव्य का जादू।

देहरादून। 1 अक्टूबर 2024 को देहरादून की अग्रणी सामाजिक और सांस्कृतिक संस्था 4G प्लस  द्वारा संस्कार इंटरनेशनल स्कूल बद्रीपुर में एक भव्य काव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह आयोजन महान स्वतंत्रता सेनानी चौधरी सत्येंद्र सिंह जी की स्मृति में किया गया था। इस काव्य संध्या का मुख्य उद्देश्य साहित्य और कला को बढ़ावा देना था। इस महत्वपूर्ण आयोजन के मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्री भगत सिंह कोश्यारी, जो महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। अन्य प्रमुख अतिथियों में  पद्मश्री लीलाधर जगुड़ी, वरिष्ठ साहित्यकार, पद्मश्री श्रीमती माधुरी बड़थ्वाल, प्रसिद्ध लोक गायिका और संगीतकार श्री विश्वास डाबर (राज्य मंत्री, उत्तराखंड सरकार), पद्मश्री डॉ. आरके जैन, और  डॉ. विजय कुमार अहलूवालिया शामिल थे। इन सभी महान हस्तियों के कर कमलों से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।


कार्यक्रम का आयोजन 4G प्लस सामाजिक संस्था के अध्यक्ष श्री सुभाष भट्ट और श्री शालिन सिंह, जो संस्कार इंटरनेशनल स्कूल की अध्यक्ष हैं, के सौजन्य से संपन्न हुआ। संस्था के सभी सदस्यों ने पूर्ण समर्पण और सहयोग के साथ इस कार्यक्रम को सफल बनाया।

काव्य सम्मेलन में 19 कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। पद्मश्री लीलाधर जगुड़ी जी ने समाज की चेतना जगाने वाली कविताओं से श्रोताओं का मन मोह लिया। वहीं, हास्य कविताओं से श्री नीरज नैथानी और श्री अविनाश मालासी ने समां बांध दिया। श्रोताओं को उनकी रचनाओं ने खूब गुदगुदाया और सभी ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया।

इस आयोजन में शामिल कवियों ने अपनी कविताओं में समाज की विभिन्न समस्याओं और सामाजिक मुद्दों पर गहराई से चिंतन प्रस्तुत किया। अवनीश मालासी जी की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और कवियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि श्री भगत सिंह कोश्यारी जी ने अपनी प्रशंसा व्यक्त करते हुए कहा, “इस प्रकार के कवि सम्मेलन समाज को जागरूक करने और बिखरते समाज को सुधारने का सशक्त माध्यम हैं।” उन्होंने 4G प्लस संस्था के प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि संस्था समाज और संस्कृति के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।

सम्मेलन में प्रमुख कवियों में मीरा नवेली, अनुज पुरोहित, प्रखर पंत,शालिन सिंह, डॉक्टर राकेश डंगवाल, अनुप्रिया तिवारी, पंकज बिंदास, ईरा कुकरेती,और शोभा पांडे आदि शामिल थे ।इन सभी ने अपनी बेहतरीन रचनाओं से श्रोताओं का दिल जीत लिया। इस कवि सम्मेलन ने साहित्य प्रेमियों के लिए एक अनूठा मंच प्रदान किया और कवियों की भावपूर्ण कविताओं ने श्रोताओं पर गहरा प्रभाव छोड़ा। 4G प्लस संस्था व संस्कार इंटरनेशनल स्कूल बद्रीपुर की यह पहल समाज में साहित्य और संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए एक अनुकरणीय प्रयास रहा।

Related Articles