हेलिकॉप्टर दुर्घटना: बीकेटीसी अध्यक्ष और विधायक ने अस्पताल पहुंचकर जताया शोक, परिजनों को दी सांत्वना

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ हेलिकॉप्टर हादसे के बाद जिले में शोक की लहर व्याप्त है। रविवार को श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी और केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचकर दुर्घटना में मारे गए श्रद्धालुओं के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
बीकेटीसी अध्यक्ष द्विवेदी ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और समिति पीड़ित परिवारों के साथ हर संभव सहयोग के लिए तत्पर है। विधायक आशा नौटियाल ने भी गहरा शोक प्रकट करते हुए कहा कि शासन, प्रशासन और बीकेटीसी पीड़ितों के साथ खड़ा है।
इस दौरान जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए चार सदस्यीय चिकित्सक दल गठित किया गया है। अब तक चार शवों की पहचान हो चुकी है, जबकि तीन अन्य शवों की शिनाख्त की जा रही है। जैसे ही सभी औपचारिकताएं पूरी होंगी, शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
अस्पताल दौरे के दौरान बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला मीडिया प्रभारी सतेंद्र बर्त्वाल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।



