रुद्रप्रयाग में भव्य रूप से मनाया गया लोक पर्व इगास, जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने गढ़वाली में दिया भावपूर्ण संबोधन
प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा रहे मुख्य अतिथि

रुद्रप्रयाग (लखपत सिंह राणा)। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था के प्रतीक लोक पर्व इगास (बग्वाल) का आज रुद्रप्रयाग जनपद में भव्य आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम गुलाबराय क्रीड़ा मैदान में हुआ, जिसमें जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी मंत्री रुद्रप्रयाग एवं पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास, चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल, कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा उपस्थित रहै।
🌾 मुख्य आकर्षण: पारंपरिक भैला नृत्य और सांस्कृतिक रंग – कार्यक्रम का शुभारंभ मा. मंत्री श्री सौरभ बहुगुणा ने दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद पारंपरिक रूप से भैला जलाकर पर्व का शुभारंभ किया गया। मंत्री श्री बहुगुणा ने स्वयं भैला नृत्य में भाग लिया और स्थानीय लोगों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं, और इनका संरक्षण करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का अवसर मिलता है। मंत्री ने कहा — “हमारा लक्ष्य है कि इगास जैसे पर्वों को पूरे देश में विशेष पहचान मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि अगला दशक उत्तराखंड का होगा।
🎙️ जिलाधिकारी प्रतीक जैन का गढ़वाली में भावपूर्ण संबोधन जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने अपने संबोधन की शुरुआत गढ़वाली भाषा में की, जिससे पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा।
उन्होंने कहा — आज उत्तराखंड कु संस्कृति कु संगम ईगास पर्व च। अपनु पुर्खों की याद मा घर-घर मा दीप जालोंण च। यू पर्व अपनु एकता, प्यार, संस्कार औ अपनु पहचान कु दिन च। बाबा केदार सबू तै सुखी राजी खुशी रखन।
जिलाधिकारी के इस गढ़वाली संबोधन ने लोगों का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों को सशक्त करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी लोक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।
💃 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर रहा गुलाबराय मैदान
कार्यक्रम के दौरान झुमैलो, जागर, मंडाण और अन्य लोक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरा माहौल उत्तराखंडी रंग में रंग दिया।स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, दर्जा राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिला समूह, छात्र-छात्राएं एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पारंपरिक भैला नृत्य में भाग लेकर लोक पर्व इगास की सांस्कृतिक गरिमा को जीवंत किया।



