रूद्रप्रयाग

विश्व पुस्तक दिवस पर मतदाता जागरूकता अभियान, युवाओं में दिखा उत्साह

रुद्रप्रयाग।
विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग में जिला निर्वाचन विभाग एवं स्वीप टीम द्वारा “शिक्षा से जागरूकता, जागरूकता से मतदान” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के प्रति उत्साहपूर्ण जागरूकता देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेन्द्र बिष्ट, स्वीप आइकॉन लखपत सिंह राणा सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। मुख्य अतिथि आशीष घिल्डियाल ने विद्यार्थियों को मतदान की शपथ दिलाते हुए कहा कि “मतदान केवल अधिकार नहीं, जिम्मेदारी भी है। हर एक वोट देश के भविष्य को दिशा देने में अहम होता है।”

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मतदान के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

भाषण प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर बेलनी की शिवानी कुंवर व चांदनी, अनूप नेगी मेमोरियल स्कूल के आयुष भट्ट व ख्याति सेमवाल, डाइट के संजीव डिमरी व अमीषा, डिग्री कॉलेज की खुशी व हिमानी, रा.इ.का. की वंशिका शामिल रहीं।

क्विज प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर बेलनी से आदित्य बिष्ट और रजत पंवार, अनूप नेगी स्कूल के आराध्य भट्ट व नलिन जोशी, डाइट के अंकित राज, प्रीति, प्रवीण कपरवाण व राहुल राणा, डिग्री कॉलेज की प्रिया नौटियाल व रूचि पंवार, रा.इ.का. की अनुष्का वर्मा व गुंजन प्रतिभागी रहे।

मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रमेन्द्र बिष्ट ने कहा, “मतदान प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है और एक-एक मत सरकार गठन में निर्णायक भूमिका निभाता है।” स्वीप आइकॉन लखपत सिंह राणा ने अपनी कविता के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।

प्रधानाचार्य नरेश जमलोकी ने विश्व पुस्तक दिवस पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के पीछे यूनेस्को के उद्देश्य को स्पष्ट किया। कार्यक्रम का संचालन पीयूष शर्मा ने किया।

इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरज कुमार, डिग्री कॉलेज के प्रो. श्रीकांत व अंविता सिंह, नेहरू युवा केंद्र के राहुल डबराल, हिम्मोथान सोसाइटी के प्रतिनिधि, डाइट व विभिन्न संस्थानों के शिक्षक, समन्वयक, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles