उत्तराखंडधर्म

उत्तराखंड में रोपवे परियोजनाओं को रफ्तार, कनकचोरी कार्तिक स्वामी रोपवे की DPR निर्माणाधीन

​देहरादून । उत्तराखंड सरकार ने तीर्थाटन और पर्यटन को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में रोपवे परियोजनाओं पर तेज़ी से काम शुरू कर दिया है। राज्य में लगभग 50 रोपवे परियोजनाओं के प्रस्ताव पर कार्य चल रहा है, जिनमें से 6 महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता सूची में शामिल किया गया है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की यात्रा और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं समयबद्ध हो सकेगी।
मुख्य सचिव आनंद वर्धन की अध्यक्षता में हुई रोपवे विकास स्टीयरिंग कमेटी की उच्चस्तरीय बैठक में इन परियोजनाओं को प्राथमिकता प्रदान की गई। बैठक में परियोजनाओं की मंजूरी, निर्माण प्रक्रिया तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस क्रम में कनकचोरी–कार्तिक स्वामी मंदिर रोपवे परियोजना के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। रोपवे के निर्माण से कार्तिक स्वामी मंदिर तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होगी और कठिन चढ़ाई से राहत मिलेगी, जिससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य में बनने वाली सभी रोपवे परियोजनाओं को स्टीयरिंग कमेटी की स्वीकृति अनिवार्य होगी, ताकि एक ही स्थान पर दोहराव से बचा जा सके। साथ ही नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड के अंतर्गत गठित स्पेशल पर्पज व्हीकल (SPV) के सीईओ की नियुक्ति एक सप्ताह के भीतर करने के निर्देश दिए गए हैं। नई समिति की पहली बोर्ड बैठक इसी माह के अंत तक संभावित है।
उल्लेखनीय है कि सोनप्रयाग–केदारनाथ और गोविंदघाट–हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं के लिए वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं का यात्रा समय काफी कम होगा।
मंदिर समिति अध्यक्ष ने जताया आभार
 
कनकचोरी कार्तिक स्वामी मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री विक्रम सिंह नेगी ने रोपवे परियोजना को लेकर राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री, पूर्व जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग श्री सौरभ गहरवार वर्तमान जिलाधिकारी श्री प्रतीक जैन, केदारनाथ की पूर्व विधायक स्व० शैला रानी रावत, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, महिला आयोग की उपाध्यक्ष शैलपुत्री ऐश्वर्या रावत एवं पत्रकार बन्धुओं सहित समस्त स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि रोपवे निर्माण के साथ-साथ कार्तिक स्वामी धाम में पानी की गंभीर समस्या के समाधान को लेकर भी सर्वे की जा चुकी है। श्री नेगी ने माननीय मुख्यमंत्री जी एवं माननीय प्रधानमंत्री मंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व और विकासपरक सोच की सराहना करते हुए कहा कि उन्हीं के प्रयासों से ऐसी जनहितकारी योजनाएँ धरातल पर उतर रही हैं।

Related Articles