चम्पावत

शौचालय की छत गिरने से एक बच्चे की मौत, पांच घायल

मौनकांडा राप्रावि की है घटना, डीएम ने सीईओ को सौंपी जांच, सीएम ने गहरा दुख जताया

चम्पावत। राप्रावि मौनकांडा (पाटी) के जीर्ण शीर्ण शौचालय की छत गिरने से आठ साल के एक बच्चे की मौत हो गई है। घटना में पांच बच्चे घायल हैं। घायलों को लोहाघाट अस्पताल में भर्ती किया गया है। जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने घटनास्थल का जायजा लेकर शासन को रिपोर्ट भेज दी है। उन्होंने पूरे मामले की सीईओ को जांच के निर्देश दे दिए हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतक बच्चे के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
जिलाधिकारी ने घटना की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि बुधवार को कुछ बच्चे एक पुराने शौचालय के समीप से गुजर रहे थे। इसी बीच शोचालय की छत भरभराकर टूट गई। इसकी चपेट में आने से चंदन सिंह (8) पुत्र गोधन सिंह की मौत हो गई। चंदन कक्षा तीन में पढ़ता था। इस घटना में हिमांशु चंद्र पुत्र कैलाश राम कक्षा 5, सोनी (7) पुत्री श्याम सिंह कक्षा 3, शगुन (9) पुत्री श्याम सिंह कक्षा 4 एवं रिंकू सिंह (9) पुत्र गोधन कक्षा 5, हसीना पुत्री कैलाश सिंह कक्षा 3 घायल हो गए। इन सभी घायल बच्चों  को उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट में भर्ती किया गया है। जिलाधिकारी ने दावा किया है कि सभी बच्चे खतरे से बाहर है।
घटना की जानकरी मिलते ही अभिभावकों ने स्कूल की और दौड़ लगा दी और एसडीएम रिंकू बिष्ट भी मौके पर पहुंच गए। मृतक बच्चे के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। बाद में जिलाधिकारी ने घटना स्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली तथा परिजनों को सहयोग का भरोसा दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि सीईओ को घटना के जांच के निर्देश दे दिए हैं। इस बीच सीएम पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिलाधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट तलब कर ली है।