देहरादून

भाजपा प्रदेश ने किया अपनी टीम का गठन

देहरादून। दिल्ली में कई बार बैठक करने के बाद आखिरकार उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट  ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। महेंद्र भट्ट की टीम में युवाओं के साथ साथ अनुभवी लोगों को भी मौका दिया गया है। भाजपा की तरफ से जारी हुई लिस्ट में 30 से अधिक लोगों को जगह दी गई है।
इस टीम में आठ प्रदेश उपाध्यक्ष, तीन प्रदेश महामंत्री, एक कोषाध्यक्ष, एक सह कोषाध्यक्ष, आठ मंत्री, एक कार्यालय सचिव, एक प्रदेश मीडिया प्रभारी, दो प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी, विभाग प्रभारी और मोर्चों के अध्यक्षों के नाम शामिल हैं। खास बात यह है कि नई प्रदेश टीम का ऐलान बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व की मॉनीटरिंग में हुआ है। ऐसे में भट्ट ने हर समीकरण साधने की कोशिश की है।
भट्ट की टीम में 14 चेहरे कुमाऊं से हैं जबकि 13 पदाधिकारी गढ़वाल से। साथ ही, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खास लोगों को भी टीम में जगह मिली है। यही नहीं, सीएम धामी को नापसंद बताए जाने वाले चेहरों की प्रदेश बीजेपी की टीम से छुट्टी कर दी गई है। उत्तराखंड बीजेपी की टीम में जिन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली है, उनमें बलवंत सिंह भौर्याल, कैलाश शर्मा, कुलदीप कुमार, कल्पना सैनी, नीरू देवी, मुकेश कोली, शैलेंद्र बिष्ट और देशराज कर्णवाल अहम हैं। इन्हें प्रदेश बीजेपी का उपाध्यक्ष बनाया गया है जबकि तीनों महामंत्रियों को बदलते हुए ऊधम सिंह नगर से खिलेंद्र चौधरी, नैनीताल से राजेंद्र सिंह बिष्ट और टिहरी के आदित्य कोठारी को ज़िम्मेदारी दी गई है। खिलेंद्र चौधरी पहले बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं जबकि राजेंद्र बिष्ट प्रदेश के महामंत्री रहे हैं। बीजेपी की नई टीम में पुनीत मित्तल कोषाध्यक्ष और साकेत अग्रवाल सह कोषाध्यक्ष होंगे। प्रदेश मंत्री का जिम्मा मीना गंगोला, आदित्य चौहान, मीरा रतूड़ी, हेमा जोशी, लीलावती राणा, राकेश नैनवाल, गुरविंदर सिंह चंडोक और विकस शर्मा को दिया गया है। कौस्तुभानंद जोशी को प्रदेश कार्यालय सचिव और मनवीर चौहान को प्रदेश मीडिया प्रभारी पद पर बरकरार रखा गया है। पुष्कर काला और ऋषि कंडवाल को प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी, अनिल शाही, रमेश गड़िया को विभाग प्रभारी का जिम्मा सौंपा गया है। महेंद्र भट्ट की टीम में सबसे चौंकाने वाला नाम रहा है शशांक रावत का, जिन्हें युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है.। शशांक पूर्व सांसद, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष रहे स्व. बची सिंह रावत के बेटे हैं और लगातार बीजेपी के कार्यक्रमों में सक्रिय रहते हैं। इसी सक्रियता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें बड़ी भूमिका दी है। साथ ही किसान मोर्चे में जोगेंद्र पुंडीर, अनुसूचित जाति मोर्चे में समीर आर्या, अनुसूचित जनजाति मोर्चे में राकेश राणा, अल्पसंख्यक मोर्चे में इंतजार हुसैन, महिला मोर्चे में आशा नौटियाल, ओबीसी मोर्चे में राकेश गिरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

Related Articles