जखोली के लुठियाग में मलबे में दबी तीन महिलाएं

रुद्रप्रयाग। जखोली ब्लॉक के लुठियाग गांव से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। गांव की तीन महिलाएं गांव के पास ही मिट्टी लेने गई थी, इसी बीच उस स्थान पर अचानक ऊपर से पहाड़ी दरक जाने के कारण तीनों महिलाएं मलबे में ही दब गयी।
आज दोपहर के समय जखोली ब्लॉक के लुठियाग गांव की तीन महिलाएं अपने घर के आंगन के लिए मिट्टी लेने गयी थी। इसी बीच अचानक से ऊपर पहाड़ी दरकने से महिलाएं मलबे में दब गई। इस हादसे में तीनों महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही लोग घटना स्थल की ओर आने लगे। घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। इसी दौरान डीडीआरएफ ओर तहसील प्रशासन की टीम ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची। दो घण्टे रेस्क्यू करने के बाद मलबे में दबी महिलाओं के शवों को निकाला गया। आपदा प्रबंधन एवम प्रशासन के मुताबिक मृतकों में लुठियाग गांव निवासी आशा देवी पत्नी दिनेश सिंह ,माला देवी पत्नी दर्शन सिंह ओर सोनी देवी पत्नी पूरण सिंह शामिल हैं। इधर एसडीएम जखोली परमानंद की मौजूदगी में तीनों शवों को निकाल दिया गया। एसडीएम परमानंद ने बताया कि तीनों शवों को निकाल दिया गया है, जहां घटना हुई है वह क्षेत्र टिहरी जनपद में पड़ता है, इसलिए इस सम्बंधित क्षेत्र से राजस्व टीम को सूचित कर बुला लिए गया। दोनों जगहों की टीमों की मौजूदगी में शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया जायेगा।