भूस्खलन प्रभावित परिवारों को मौके पर पहुंचकर एसडीएम ने दी राहत सामग्री, प्रभावित परिवारों को हर सम्भव मदद का दिया आश्वासन

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी मनुज गोयल के निर्देशन में उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग अपर्णा ढौंडियाल, पूर्ति विभाग और आपदा प्रबंधन टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। गांव में भूस्खलन के कारण सबसे अधिक प्रभावित हुए 13 परिवारों को प्रशासन की टीम द्वारा राहत सामग्री दी गयी।
सोमवार की सुबह के समय सारी गांव के झालीमठ तोक में अचानक से हुए भूस्खलन से दो गोशाला व दो शौचालय जमींदोज हो गये, साथ ही गांव के कई मकानों में दरारें आ गयी। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और पीड़ित परिवारों को शीघ्रता से पंचायत भवन, स्कूल सहित अन्य सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। घटना के बाद झालीमठ के 13 परिवारों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। उनका आशियाना छिन चुका है। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से उनके लिए खाने की व्यवस्था करवाई गयी है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल भूस्खलन प्रभावित छेत्र में पहुंची,जहां उन्होंने पीड़ितों को राशन वितरित की साथ ही स्थिति का भी जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने बताया कि राहत सामग्री में 5 किलो चावल, 2 किलो आटा, 1 किलो दाल, 1 किलो चीनी, 1 किलो नमक, 1 किलो तेल, 250 ग्राम मसाला, 50 ग्राम चायपत्ती, माचिस/कैंडिल आदि सामग्री वितरित की गई। इसके साथ ही दो परिवारों को तिरपाल और 12 परिवारों को पालीथिन भी उपलब्ध कराई गयी।