तपोवन सुरंग से एक और शव बरामद
एक वर्ष पूर्व आई आपदा में लापता लोगों के शवों के मिलने का सिलसिला जारी
जोशीमठ: तपोवन जोशीमठ में एक वर्ष पहले आई आपदा के बाद शवों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। बीती 16 फरवरी को ऋतिक कंपनी में कार्यरत इंजीनियर गौरव का शव तपोवन सुरंग से मिला था। वर्तमान में एक वर्ष बीत जाने के बाद भी सुरंग से मलबा हटाए जाने का काम चल रहा है। इसी क्रम में आज जोशीमठ के स्थानीय ग्रामीण किमाणा निवासी रोहित भंडारी पुत्र श्री डबल सिंह भंडारी का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड के आधार पर हुई है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि जैसे-जैसे सुरंग से मलबा हटाए जाने का कार्य चलता रहेगा वैसे वैसे और शवों के मिलने की संभावना भी प्रबल होती जा रही है। गौरतलब है एक वर्ष पहले रेणी तपोवन में आई आपदा में कई लोग काल के ग्रास में समा गए थे ।जिनमें से अधिकांश के शव अभी तक बरामद नहीं हुए हैं। पिछले वर्ष 7 फरवरी को आई आपदा में लगभग 205 लोग इस आपदा का शिकार हो गए थे।