रुद्रप्रयाग में किया गया पुलिस परेड का आयोजन

रुद्रप्रयाग :-गणतन्त्र दिवस 2022 के शुभ अवसर पर आज दिनांक 26 जनवरी 2022 को जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा गुलाब राय मैदान में पुलिस परेड का आयोजन किया गया।
पूर्व से तय कार्यक्रम के अनुसार समय 10ः30 बजे परेड का गुलाब राय एलाइनमेंट पर आगमन हुआ, तत्पश्चात समय 10ः40 बजे परेड कमाण्डर द्वारा परेड भार ग्रहण किया गया, समय 10ः50 बजे पुलिस अधीक्षक, रुद्रप्रयाग श्री आयुष अग्रवाल का आगमन हुआ जिनके द्वारा परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया गया।
समय 11ः00 बजे परेड के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग श्री मनुज गोयल का आगमन हुआ, तत्पश्चात ध्वजारोहण किया गया।
समय 11ः10 बजे मुख्य अतिथि एवं पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया।
समय 11ः15 बजे परेड का मार्च पास्ट हुआ।
परेड के दौरान मुख्य आकर्षण फायर सर्विस द्वारा तिरंगे की प्रतिबिम्ब रूपी पानी की बौछार करना रहा।
इस परेड की प्रथम कमांड प्रतिसार निरीक्षक, श्री गणेश बन्डवाल, द्वितीय कमांड पीसी महेश, तृतीय कमांड पीसी भगत सिंह भंडारी रहे।
सशस्त्र पुलिस की टोली का नेतृत्व उपनिरीक्षक सूरज कंडारी, महिला पुलिस की टोली का नेतृत्व महिला उपनिरीक्षक सोनल रावत, पीएसी की टोली का नेतृत्व उपनिरीक्षक कुलदीप रावत, चतुर्थ टोली का नेतृत्व एचसी कुंवर लाल द्वारा किया गया।
इस परेड को रुद्रप्रयाग स्थित 10 वीं जैक्लाई भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुन ने सुशोभित किया गया।
परेड के साथ-साथ जनपद रुद्रप्रयाग यातायात पुलिस की इंटरसेप्टर, अग्निशमन इकाई, पुलिस दूरसंचार शाखा और एस0डी0आर0एफ0 द्वारा अपने अत्याधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन किया गया।
परेड के उपरान्त मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग द्वारा अपने सम्बोधन में उपस्थित सभी लोगों को गणतन्त्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए आज के दिवस के महत्व के बारे में बताया गया। साथ ही निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किए जाने की अपील की गई।
तत्पश्चात परेड कमान्डर्स के साथ मुख्य अतिथि द्वारा परिचय प्राप्त किया गया तथा परेड मार्च ऑफ की कार्यवाही हुई।
मुख्य अतिथि और पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर आर्मी बैंड की टुकड़ी को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
परेड अवधि में सम्पूर्ण गुलाबराय मैदान में उपस्थित दर्शक दीर्घा में बैठा हर एक व्यक्ति देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहा तथा करतल ध्वनि से परेड की हौसला अफजाई की गई।
इस अवसर पर एंकरिंग करते हुए श्री धीरज देवराड़ी एवं सुश्री हिमानी (पुलिस विभाग रुद्रप्रयाग) तथा श्री किशन रावत (सेवायोजन विभाग रुद्रप्रयाग) द्वारा समां बांधा गया।
आज आयोजित हुए इस कार्यक्रम अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रुद्रप्रयाग, अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग, सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
वर्तमान समय में प्रचलित आदर्श आचार संहिता एवं कोरोना महामारी से बचाव से सम्बन्धित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए इस बार आयोजित किये गये पुलिस परेड कार्यक्रम को संक्षिप्त रखा गया।