उत्तराखंड

हल्द्वानी में दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश, पूरा उत्तराखंड हाई अलर्ट पर।।

सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद। हल्द्वानी शहर पुलिस छावनी में तब्दील। इंटरनेट सेवा बंद।

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में बीते दिन हुई हिंसक घटना से हल्द्वानी के वनभुलपुरा क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं पूरे उत्तराखंड को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश दे दिए गए हैं। सर्दियों की इस मौसम में सरकारी जमीन पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाए जाने के विरोध से पूरा हल्द्वानी इस समय सुलग रहा है।

विरोध प्रदर्शन हेतु एकत्रित स्थानीय महिलाएं और पुरुष

दरअसल स्थिति तब बिगड़ी जब पिछले दिन जिला प्रशासन और पुलिस की टीम हल्द्वानी के एक विशेष क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए वहां पहुंची थी। सरकारी भूमि पर बने मदरसे और मस्जिद को गिराने के लिए जैसे ही प्रशासन का बुलडोजर और प्रशासन की टीम पुलिस कर्मियों के साथ वहां पहुंची स्थानीय लोग एकत्रित होने लगे और प्रशासन की इस कार्रवाई का विरोध करने लगे। विरोध धीरे-धीरे इतना बढ़ गया की स्थानीय लोगों की ओर से घरों की छतों से पुलिस पर पथराव किया जाने लगा। पुलिस द्वारा भी जवाबी कार्रवाई की गई और कई स्थानों पर लाठी चार्ज किया गया। पुलिस और स्थानीय जनता के बीच हुई इस मुठभेड़ में तकरीबन 200 पुलिस कर्मियों समेत कई स्थानीय निवासियों के घायल होने की खबर है।

उपद्रवियों द्वारा आग के हवाले किए गए कई वाहन

प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। ऐतिहातन अन्य जिलों से भी पुलिस फोर्स वहां पर मंगाई गई है। पैरामिलिट्री की भी मांग स्थिति को नियंत्रण में रखे जाने हेतु की गई है। लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की जा रही है। स्थिति को नियंत्रण पर रखने हेतु हल्द्वानी शहर के वनभुलपुरा में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इंटरनेट सेवा को फिलहाल बंद रखा गया है।

हल्द्वानी में हुई इस घटना पर उत्तराखंड सरकार भी सख्त है। सीएम धामी ने सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की बात कही है। साथ ही दंगा भड़काने वालों और दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश दे दिए गए हैं।

समाचार लिखे जाने तक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

Related Articles