सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती:- दून पुलिस ने ‘रन फॉर यूनिटी’ के तहत चलाया व्यापक जागरूकता अभियान

देहरादून। सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के निर्देशन में दून पुलिस ने आज जनपद के नगर और देहात के सभी थाना क्षेत्रों में एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सभी को पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना था।
जन जागरूकता कार्यक्रम के तहत, “रन फॉर यूनिटी” की भावना को आगे बढ़ाते हुए थाना क्षेत्रों के समीपवर्ती विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और आमजन को पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने एफआईआर पंजीकरण की प्रक्रिया, विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से बताया। छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों से अवगत कराया, जिनमें 112 (आपातकालीन सहायता), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1930 (साइबर अपराध सहायता केंद्र), 1078 (बाल सहायता हेल्पलाइन), और 181 (महिला सशक्तिकरण हेल्पलाइन) शामिल हैं। साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया सुरक्षा पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। इस अवसर पर एक शैक्षणिक संवाद और प्रश्नोत्तरी सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया सुरक्षा से संबंधित प्रश्न पूछे। कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस कर्मियों ने उनके सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही, विद्यार्थियों को पुलिस पोर्टलों की अन्य डिजिटल सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। एसएसपी दून के निर्देश पर चलाए गए इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को पुलिस के कार्यों के प्रति जागरूक करना और उन्हें एक सुरक्षित व जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।



