क्राइमदेहरादूनविदेश

विदेशी पर्यटकों के झांसे में आया दून का युवक, कस्टम ड्यूटी के नाम पर 1.18 लाख की ठगी

देहरादून(यूके न्यूज 18)। ब्रिटेन से आने का दावा करने वाले कथित विदेशी पर्यटकों ने दून के एक व्यक्ति से कस्टम ड्यूटी के नाम पर 1 लाख 18 हजार 780 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विश्वास की कीमत चुकानी पड़ी

अजबपुर शास्त्रीनगर निवासी योगेश मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 और 21 जुलाई को उन्हें दो विदेशी नागरिकों के नाम से मैसेज प्राप्त हुए। खुद को ब्रिटेन निवासी बताते हुए उन्होंने कहा कि वे उत्तराखंड घूमने आने वाले हैं और कार, ड्राइवर व होटल की व्यवस्था में मदद चाहते हैं। योगेश पहले भी पर्यटकों की मदद कर चुके थे, इसलिए उन्होंने उन पर भरोसा कर लिया।

मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम ड्यूटी का झांसा

4 और 5 अगस्त को ठगों ने संदेश भेजा कि वे ब्रिटेन से मुंबई पहुंच चुके हैं, लेकिन उनके पास अधिक कैश होने के कारण एयरपोर्ट पर कस्टम ड्यूटी, टैक्स और जुर्माना लग गया है। उन्होंने कहा कि कुल ₹1,18,780 जमा कराने होंगे। कथित पर्यटकों ने खुद को संकट में बताकर मदद की गुहार लगाई और मुंबई एयरपोर्ट की एक महिला अधिकारी बनकर बात भी कराई।

मानवीय आधार पर मदद करते हुए योगेश ने अलग-अलग बैंक खातों में उक्त राशि ऑनलाइन और चेक के माध्यम से भेज दी।

26 और 27 अगस्त को ठगों ने फिर संपर्क कर कहा कि वे अब ब्रिटेन लौट रहे हैं और वहां से रकम का चेक व गिफ्ट कोरियर से भेजेंगे। कुछ दिन बाद उन्होंने कोरियर की पुष्टि भी भेजी, लेकिन उसके बाद उनका संपर्क टूट गया।

पीड़ित ने ठगों द्वारा भेजे गए बैंक खातों और लेन-देन के विवरण पुलिस को सौंप दिए हैं। नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी के अनुसार, नंबर्स और खातों के माध्यम से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Related Articles