मुख्यमंत्री ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में की शिरकत।
मीडिया को बताया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, पत्रकारों के कल्याण के लिए बड़े कदम उठाने की घोषणा

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में उत्तरांचल प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए इसे समाज का अभिन्न अंग कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार पत्रकारों को हर संभव सहयोग दे रही है। उन्होंने पत्रकार कल्याण कोष के कॉर्पस फंड में बढ़ोतरी करने और पत्रकारों के लिए समूह बीमा योजना शुरू करने की घोषणा की। इसके साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दूर-दराज से आने वाले मीडियाकर्मियों को ठहरने और कामकाज में सुविधा सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम और उत्तराखंड राज्य आंदोलन में मीडिया की भूमिका को याद करते हुए कहा कि प्रेस हमेशा जन-जन की आवाज रहा है। उन्होंने उत्तरांचल प्रेस क्लब के सामाजिक और जनजागरण के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आम जनमानस की सुविधा और लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में मीडिया का योगदान सराहनीय है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। बेरोजगारी दर को 4.4 प्रतिशत तक लाने और निवेश के क्षेत्र में हिमालयी राज्यों में पहला स्थान पाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य में पहली बार शुरू की गई शीतकालीन चारधाम यात्रा से स्थानीय स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिला है। साथ ही, समान नागरिक संहिता और बेहतर भू-कानून लागू करने के प्रयासों पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के प्रवासियों को उनकी जड़ों से जोड़ने के लिए 12 जनवरी को एक प्रवासी सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत पत्रकार गिरीश भंडारी को श्रद्धांजलि दी गई। उत्तरांचल प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी ने सरकार द्वारा पत्रकारों के हित में लिए गए निर्णयों की सराहना की। इस मौके पर प्रेस क्लब के संस्थापक सदस्य डॉ. देवेंद्र भसीन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, महामंत्री सुरेंद्र डसीला, उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार मिश्रा सहित कई वरिष्ठ पत्रकार और मीडियाकर्मी उपस्थित थे।



