भाजपा स्थापना दिवस एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के भव्य आयोजन को लेकर रुद्रप्रयाग में बैठक सम्पन्न

रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी रुद्रप्रयाग जिला कार्यालय में आगामी पार्टी स्थापना दिवस (6 अप्रैल) एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) को भव्य रूप से मनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में दोनों आयोजनों की रूपरेखा तय करते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को संयोजक एवं सह-संयोजक की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम के जिला प्रभारी एवं मुख्य वक्ता बलवीर घुनियाल ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर जिला, मंडल एवं बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 6 अप्रैल को प्रत्येक कार्यकर्ता अपने घर और क्षेत्र में पार्टी का झंडा लगाएंगे तथा मंदिर, अस्पताल, स्कूल व नालियों में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। साथ ही बूथ स्तर पर समितियों की बैठक कर कार्यकर्ता भाजपा के झंडों के साथ क्षेत्र में जनजागरूकता यात्रा भी निकालेंगे।
14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर उनकी मूर्तियों पर माल्यार्पण, मिष्ठान वितरण तथा उनके जीवन और विचारों पर मुख्य वक्ताओं द्वारा संबोधन होगा, जिससे उनके विचार जन-जन तक पहुंच सकें।
दीप प्रज्वलन के साथ भव्य शुभारंभ
बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कार्यक्रम प्रभारी बलवीर घुनियाल एवं केदारनाथ विधायक तथा प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा नौटियाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने घर व कार्यालय पर पार्टी का झंडा फहराकर #BJP4ViksitBharat हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर फोटो साझा करें।
गांव-गांव चलो अभियान
भट्ट ने आगे बताया कि 7 से 12 अप्रैल के बीच ‘गांव या बस्ती चलो अभियान’ के अंतर्गत सभी भाजपा पदाधिकारी एवं निर्वाचित प्रतिनिधि गांवों का भ्रमण करेंगे, जहां वे स्वच्छता अभियान चलाकर स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान आपातकाल में मीसा या डीआरआई के अंतर्गत जेल गए कार्यकर्ताओं, कारसेवकों एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
विधायक आशा नौटियाल ने जताया गर्व
विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को स्थापित भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने डॉ. अंबेडकर को भारत सरकार द्वारा मिले सम्मान पर गर्व जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंबेडकर जी के पंचतीर्थ का निर्माण कर उनके सम्मान को नई ऊंचाई दी है।
बैठक में अनेक वरिष्ठ नेताओं की सहभागिता
बैठक में निवर्तमान जिला अध्यक्ष महावीर सिंह पवार, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, पूर्व जिला अध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, शकुंतला जगवान सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधन दिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री विनोद देवशाली ने किया। इस अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष तिलवाड़ा विनीता देवी, पूर्व प्रमुख ममता नौटियाल, सुमन जमलोकी, देवप्रकाश सेमवाल, बृजमोहन नेगी, रामचंद्र गोस्वामी, सविता भंडारी, प्रदीप राणा, गजेंद्र चौधरी, अजय सेमवाल, सुनिल नौटियाल, विकास डिमरी तथा जिले के सभी मंडल अध्यक्ष एवं जिला मीडिया प्रभारी सतेंद्र बर्त्वाल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



