रूद्रप्रयाग

भाजपा रुद्रप्रयाग में सक्रिय सदस्यता अभियान की कार्यशाला संपन्न

रुद्रप्रयाग: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रुद्रप्रयाग जिला कार्यालय में आज सक्रिय सदस्यता अभियान की कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन श्री अजेय कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य बनने के लिए 50 प्राथमिक सदस्य बनाना अनिवार्य है। साथ ही, उन्होंने बताया कि पार्टी का सदस्यता अभियान सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी और सर्वाग्रही होना चाहिए।

अजेय कुमार ने जानकारी दी कि सक्रिय सदस्यता फॉर्म भरने और जमा करने की अवधि 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक निर्धारित की गई है। इसके बाद 1 नवंबर से 4 नवंबर तक फार्मों का सत्यापन और अनुमोदन कार्य किया जाएगा और 5 नवंबर को जिला समिति द्वारा सूची जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि सत्यापन समिति द्वारा प्राथमिक सदस्यों से दूरभाष पर संपर्क कर सत्यापन किया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने सदस्यता अभियान के तीसरे चरण के बारे में दिशा निर्देश देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को 16 से 31 अक्टूबर तक अधिक से अधिक सदस्य बनाने हैं। उन्होंने बताया कि सदस्यता अभियान का यह चरण उन लोगों के लिए विशेष अवसर है जो भविष्य में पार्टी पदाधिकारी बनने की इच्छा रखते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ और इसमें मंचासीन अतिथियों का स्वागत जिला अध्यक्ष श्री महावीर सिंह पवार द्वारा किया गया।

कार्यशाला में रुद्रप्रयाग के विधायक और केदारनाथ विधानसभा चुनाव संयोजक श्री भरत सिंह चौधरी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केदारनाथ और उत्तराखंड में हुए ऐतिहासिक कार्यों की सराहना की।

इस कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री विनोद देवशाली और भारत भूषण भट्ट ने किया। इस मौके पर जिला सह प्रभारी रघुबीर सिंह बिष्ट, सदस्यता अभियान के जिला संयोजक वाचस्पति सेमवाल, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष दान सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष आशा नौटियाल, और कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles