रूद्रप्रयाग

प्रचार के आखिरी दिन प्रत्याशियों ने किया शक्ति प्रदर्शन

भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी चंद्रमोहन सेमवाल एवं निर्दलीय प्रत्याशी संतोष रावत ने निकाली बाइक रैली

रूद्रप्रयाग: निकाय चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन नगर पालिका रुद्रप्रयाग में भाजपा प्रत्याशी चंद्रमोहन सेमवाल के समर्थन में पार्टी ने जनसमर्थन रैली का आयोजन किया। पार्टी कार्यालय गुलाबराय से पेट्रोल पंप तक आयोजित रैली में हजारों समर्थक शामिल हुए। इस मौके पर जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टीजनों ने जनता से प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।

मीडिया से मुखातिब होते भाजपा प्रत्याशी चंद्रमोहन सेमवाल

मंगलवार को विधायक भरत सिंह चौधरी के नेतृत्व में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जन समर्थन रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा ने मोटरसाइकिल रैली भी आयोजित की। इसके उपरांत नया बस अड्डा स्थित पार्किंग में जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि इस निकाय चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से जो वायदे किए हैं, उन्हें प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विचार धारा को आगे बढाते हुए निकाय में भी भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने जनता से पालिकाध्यक्ष और सभासद के पदों पर भाजपा प्रत्याशियों को विजय बनाने का आह्वान किया।

रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी मीडिया को संबोधित करते हुए

इस मौके पर प्रत्याशी चंद्रमोहन सेमवाल ने कहा कि नगर क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, पेयजल ,स्वास्थ्य, पैदल मार्ग, नालियों की सफाई सहित कई अन्य महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। नगर के जरूरतमंद लोगों का सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ दिया जाएगा। जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, चुनाव संयोजक अजय सेमवाल और पूर्व पालिकाध्यक्ष राकेश नौटियाल ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री भारत भूषण भट्ट ने किया। इस अवसर पर चुनाव प्रभारी रघुवीर सिंह बिष्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सविता भंडारी, मंडल अध्यक्ष पार्वती गोस्वमी, अरुण कप्रवान, राजेंद्र लाल, सुरेंद्र रावत, ऊषा कप्रवान, ऊषा मेवाल, संगीता देवी, लक्ष्मण बिष्ट और जिला मीडिया प्रभारी सतेंद्र बर्त्वाल आदि मौजूद थे।

वहीं दूसरी ओर नगर पालिका अध्यक्ष पद हेतु कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे संतोष रावत ने भी अपने समर्थकों के साथ बाइक रैली निकाल कर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके साथ सैकड़ो की तादाद में बाइक में सवार युवाओं ने संतोष रावत जिंदाबाद के नारे लगाते हुए पूरे नगर का भ्रमण किया।

निर्दलीय संतोष रावत की की बाइक रैली में उमड़ा युवाओं का सैलाब

Related Articles