क्राइमपौड़ी गढ़वाल

देहरादून से पकड़ा गया टिहरी गढ़वाल का कबूतरबाज, साइबर सेल व कोटद्वार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से हुआ खुलासा

ऑनलाइन जॉब ऑफर के नाम पर ठगी का पर्दाफाश

कोटद्वार(यूके न्यूज 18)। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ₹97,000 की ठगी करने वाले शातिर ठग को पौड़ी पुलिस ने देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। साइबर सेल व कोटद्वार पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

मामला 25 सितंबर 2025 का है, जब सोनम बिष्ट ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके भाई को एक व्यक्ति विरेन्द्र सिंह नामक व्यक्ति ने साउथ अफ्रीका में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹97,000 की ठगी की। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने नौकरी दिलाने के बहाने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से पैसे मंगवाए, लेकिन रकम लेने के बाद फोन उठाना बंद कर दिया।

शिकायत के आधार पर कोटद्वार कोतवाली में मुकदमा संख्या 235/25, धारा 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह, क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम और साइबर सर्विलांस टीम गठित की गई।

टीम ने तकनीकी विश्लेषण, बैंक ट्रांजैक्शन और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच शुरू की। कई दिनों की गहन जांच और डिजिटल सर्विलांस के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान अनिल रावत पुत्र स्वर्गीय अजीत रावत, निवासी ग्राम भल्डयाणा, कंडीसौड़, टिहरी गढ़वाल के रूप में की।

पुलिस ने आरोपी को 6 नवंबर 2025 को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, सिम कार्ड और ₹24,700 नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ओमान में नौकरी करता था, लेकिन वीजा खत्म होने के बाद भारत लौट आया। आर्थिक तंगी के चलते उसने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी शुरू कर दी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा विदेश में नौकरी का लालच देने पर सतर्क रहें और संदिग्ध कॉल या लिंक की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने में दें।

Related Articles