क्राइमदेहरादून

देहरादून में रंजिश ने ली जान: सड़क पर मिला युवक का शव, दो माह पहले ही जेल से आया था बाहर

देहरादून (यूके न्यूज 18)। राजधानी में सोमवार सुबह प्रेमनगर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते हुए झगड़े में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान अरुण कुमार उर्फ डीके के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला था और हाल ही में हत्या के प्रयास के मुकदमे में जमानत पर जेल से बाहर आया था। घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के स्मिथनगर इलाके की है। सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सड़क किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि युवक मुंह के बल सड़क पर पड़ा था, जिसके नाक से खून निकल रहा था। एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक अरुण कुमार बीते कुछ सालों से देहरादून में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का कुछ दिन पहले इलाके के ही एक युवक से विवाद हुआ था। सोमवार को दोनों का फिर आमना-सामना हुआ और झगड़ा इतना बढ़ गया कि अरुण सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना के बाद एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिसके शरीर पर ब्लेड से कटने के कई निशान पाए गए हैं और कपड़ों पर खून के दाग भी मिले हैं। पूछताछ में उसने माना कि मृतक के साथ उसका पुराना झगड़ा चल रहा था।थानाध्यक्ष प्रेमनगर ने बताया कि हत्या या दुर्घटना — दोनों पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अरुण का स्वभाव झगड़ालू था और वह अकसर विवादों में उलझा रहता था। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के जरिए घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। फिलहाल प्रेमनगर में इस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है और लोग मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

Related Articles