तल्ला नागपुर महोत्सव के दूसरे दिन गूंजे लोकगीत।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने किया मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत, एक लाख रुपये देने की घोषणा

रुद्रप्रयाग ( लखपत सिंह राणा) । पांच दिवसीय तल्ला नागपुर औद्योगिक विकास, कृषि एवं पर्यटन महोत्सव के दूसरे दिन स्थानीय कलाकारों और महिला मंगल दलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर शाम तक झूमते रहे। महोत्सव अब अपने पूरे रंग में दिखाई दे रहा है और क्षेत्र के विभिन्न हिल स्टेशनों में रौनक लौट आई है।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति ने सदैव हर मंच पर अपनी उपस्थिति से लोक संस्कृति को जीवित रखने का कार्य किया है।
भट्ट ने आह्वान किया कि पारंपरिक मांगल गीतों और लोक परंपराओं को जीवित रखने के लिए सामूहिक पहल होनी चाहिए। उन्होंने नवयुवक मंगल दलों से भी मंचों पर भागीदारी करने का आग्रह किया।
भट्ट ने यह भी घोषणा की कि तल्ला नागपुर महोत्सव को राजकीय मेला घोषित करने के लिए मुख्यमंत्री से वार्ता की जाएगी। साथ ही, उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए अपने निजी संसाधनों से एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग की अध्यक्ष संतोष रावत ने कहा कि इस तरह के मेलों के आयोजन से उभरते कलाकारों को मंच मिलता है और मेले, मिलन और परंपरा के प्रतीक होते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महोत्सव समिति के कार्यकारी अध्यक्ष योगम्बर कुनियाल ने की। उन्होंने सभी अतिथियों और ग्रामीण जनता का आभार व्यक्त किया।
दूसरे दिन के कार्यक्रम में अदिति नेगी, आरुषी नेगी, प्रवीन कुमार, मोनिका देवरियाल, तुंगेश्वर फेडरेशन टीम कुण्डा सहित महिला मंगल दल सुवारी, आगर, बजूड, घिमतोली, दुर्गाधार तथा कीर्तन मंडली चोपता के प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
संगीत सहयोग नवीन शैव, अंकित प्रसाद, अभिनय और शैलेन्द्र द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन महोत्सव मीडिया प्रभारी लक्ष्मण बर्त्वाल और जयवीर नेगी ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर महोत्सव संरक्षक नत्था सिंह मेवाल, जीत सिंह मेवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुनीता बर्त्वाल, उपाध्यक्ष गोकुल लाल टम्टा, सचिव महेंद्र नेगी, कोषाध्यक्ष दीप राणा, भाजपा चोपता मंडल अध्यक्ष अर्जुन नेगी, सभासद नमन शर्मा, प्रधान आजाद खत्री, अखिलेश नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी, महिला मंगल दल एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



