एनटीपीसी परियोजना की टनल का कार्य ठप होने से मजदूर परेशान
रोजी रोटी को लेकर मजदूरों का तहसील परिसर में प्रदर्शन

जोशीमठ। जोशीमठ में हो रहे भू-धंसाव की घटना के बाद एनटीपीसी परियोजना में टनल कटिंग का काम बंद हो गया है। एनटीपीसी परियोजना में काम बंद होने के कारण यहां काम कर रहे मजदूरों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों ने अब तहसील परिसर में धरना देने की चेतावनी दी है। बता दें कि, तपोवन से सेलंग तक 12 किलोमीटर लंबे टनल बनाने का कार्य चल रहा है, जिसमें से 8 किलोमीटर तक टनल की खुदाई हो चुकी है।बता दें जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति लगातार एनटीपीसी परियोजना की टनल को जोशीमठ भू-धंसाव का बड़ा कारण मान रही है। जिसके कारण संघर्ष समिति के साथ ही यहां के स्थानीय लोग लगातार परियोजना के काम को बंद करने की मांग कर रहे थे। प्रशासन ने भी स्थानीय लोगों की मांगों को मानते हुए एनटीपीसी द्वारा किए जा रहे टनल निर्माण के कार्य पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में अब टनल निर्माण में जुटे करीब 300 से अधिक मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मजदूरों का कहना है कंपनी ने उनका भुगतान रोक लिया है और उन पर काम छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा। मजदूरों ने कहा काम बंद होने के बाद उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। भू-धंसाव की घटनाओं के बाद से ही काम बार-बार बाधित हो रहा था, जिससे उनके भुगतान को रोक दिया गया है। अब काम बंद होने से उनके सामने पूरी तरह से रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों ने भी अब अपनी मांगो को लेकर तहसील परिसर में धरना देने की चेतावनी दी है।
सम्मानित पाठकों आपसे हम क्षमा प्रार्थी हैं, क्योकि विगत कुछ दिन पूर्व हमारे न्यूज़ पोर्टल पर साइबर अटैक हो गया था। जिस कारणवश हम कुछ दिन तक आपके संमुख उत्तराखंड से जुड़ी हुई खबरें प्रेषित नही कर पाए। असुविधा के लिए पुनः खेद है।



