रूद्रप्रयागशिक्षाहेल्थ

एकता की राह पर दौड़ा गुप्तकाशी, पुलिस और छात्रों ने सरदार पटेल को दी अनोखी श्रद्धांजलि

गुप्तकाशी (रुद्रप्रयाग)।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुप्तकाशी में थाना गुप्तकाशी के तत्वावधान में ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में डॉ. जैक्स वीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी और एम.एल. स्कूल नाला के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पुलिस अधिकारियों तथा जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

एकता का संदेश लेकर निकली यह दौड़ पेट्रोल पंप मस्ता से शुरू होकर गुप्तकाशी के मुख्य बाजार में समाप्त हुई। दौड़ में विजयी प्रतिभागियों को पुलिस विभाग की ओर से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर थानाध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोने का जो कार्य किया, वह हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। हमें सदैव देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए समर्पित रहना चाहिए।

व्यापार मंडल गुप्तकाशी के अध्यक्ष चुन्नी लाल शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती हमें राष्ट्र प्रेम और एकता की भावना को सशक्त करने का अवसर देती है।

एम.एल. स्कूल के प्रधानाचार्य प्रदीप सेमवाल ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रबल करते हैं। वहीं, डॉ. जैक्स वीन नेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य लखपत राणा ने मंच संचालन करते हुए पुलिस प्रशासन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद किया।

कार्यक्रम में थानाध्यक्ष रणजीत खनेड़ा, उपनिरीक्षक हर्ष मोहन, अपर उपनिरीक्षक अमित बिष्ट, संतोष, सुनील, कैलाश, राकेश, रविंद्र, जसपाल, महिपाल सहित पुलिस कर्मी, दोनों विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles