उत्तराखंड राज्य रजत उत्सव की तैयारियां जोरों पर
मुख्यमंत्री धामी ने एफ.आर.आई. में लिया तैयारियों का जायजा, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

देहरादून (यूके न्यूज 18)। राज्य स्थापना दिवस के रजत वर्ष में प्रवेश की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को एफ.आर.आई. (Forest Research Institute) पहुंचकर रजत उत्सव आयोजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि — “यह हमारे लिए हर्ष का विषय है कि हम उत्तराखंड राज्य के रजत वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। हमारे राज्य को जहां पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने बनाया, वहीं आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी इसे नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का अवसर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के रजत उत्सव में प्रतिभाग करने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में उत्तराखंड ने अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और वर्ष 2047 के विकसित भारत निर्माण में राज्य अग्रणी भूमिका निभाने को तत्पर है।
मुख्यमंत्री धामी ने जिला प्रशासन देहरादून, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारियों को तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, खजान दास, सहदेव पुंडीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



